BREAKING

मध्यप्रदेश कौशल विकास संचालनालय द्वारा आज “कौशलम प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह 2025” का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कौशल उत्कृष्टता, नारी शक्ति और नवाचार का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर वर्ष 2025 की आईटीआई परीक्षाओं में असाधारण प्रदर्शन करने वाले 09 राष्ट्रीय स्तर के ट्रेड टॉपर्स, 14 राज्य स्तरीय टॉपर्स, तथा राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सुश्री त्रिशा तवड़े को सम्मानित किया गया।

समारोह में प्रशिक्षणार्थियों के साथ उनके प्रशिक्षण अधिकारियों एवं प्राचार्यों को भी कौशलम प्रतिभा प्रोत्साहन सम्मान 2025 से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण, गुणवत्ता-उन्मुख प्रशिक्षण और नवाचार की भावना को रेखांकित करता है।

मुख्य अतिथि माननीय डॉ. गौतम टेटवाल जी, राज्य मंत्री, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मध्यप्रदेश सरकार ने इस अवसर पर कहा कि –

“कौशल केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, नवाचार और सामाजिक परिवर्तन की शक्ति है। आज हमारे प्रशिक्षणार्थी अपने हुनर के माध्यम से न केवल सीमाएँ तोड़ रहे हैं, बल्कि समाज में नई संवेदनशीलता और समावेशन का संदेश भी दे रहे हैं।”

कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्रीजी ने नारी शक्ति एवं हुनर की प्रतीक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सुश्री त्रिशा तवड़े का सिंदूर के पौधे से पूजन कर अभिनंदन किया। यह प्रतीकात्मक gesture नारी सशक्तिकरण और कौशल की पवित्रता का संदेश देता है।

समारोह की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि इस वर्ष के कई प्रशिक्षणार्थियों ने लैंगिक सीमाओं को तोड़ते हुए परंपरागत रूप से विपरीत लिंग से जुड़े ट्रेड्स में उत्कृष्टता प्राप्त की। वेल्डिंग, मोटर मैकेनिक, फिटर, फैशन डिजाइनिंग जैसे विविध क्षेत्रों में प्रशिक्षणार्थियों ने यह सिद्ध किया कि “कौशल का कोई लिंग नहीं होता” और मेहनत, समर्पण तथा विश्वास से हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है।

कौशल विकास संचालनालय द्वारा आयोजित यह समारोह न केवल प्रतिभा और परिश्रम का उत्सव है, बल्कि “कौशल के माध्यम से समानता” की दिशा में एक सशक्त कदम भी है।

कार्यक्रम में विभागीय वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न आईटीआई संस्थानों के प्राचार्य, प्रशिक्षण अधिकारी, एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी सम्मानित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं कौशलम प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए।

मध्यप्रदेश के आईटीआई संस्थानों की यह उपलब्धि प्रदेश के कौशल विकास प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान करती है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version